मुंगेर डीएम-एसपी लिपि सिंह पर कार्रवाई, हटाए गए, जांच का आदेश

0
244
एसपी लिपि सिंह
एसपी लिपि सिंह

पटना। मुंगेर में बड़ी दुर्गा महारानी देवी की मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ लोगों के गुस्से को देखते हुए चुनाव आयोग ने तत्काल बड़ा आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने मुंगरे के डीएम राजेश मीणा एसपी लिपि सिंह को हटाने का आदेश जारी कर दिया है। आयोग ने इस मामले की जाँच के आदेश भी दिए हैं।

चुनाव आयोग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को हटाने का आदेश जारी कर दिया गया है। मुंगेर में आज ही नए डीएम और एसपी की नियुक्त को भी मंजूरी दी गई है। वहीं इस पूरे मामले की जाँच की जिम्मेदारी मगध डिवीजन के कमिश्नर असंगबा चुबा को दी गई है। कमिश्नर को एक साप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें -   महिलाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए आंदोलन तेज किया जायेगा - माया श्रीवास्तव

बता दें कि मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद शहर में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ गई थी। घटना के बाद नाराज लोगों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। थानों और पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में शामिल आक्रोशित युवकों ने एसपी कार्यालय के समीप पहुंचकर एसपी के खिलाफ नारेबाजी की।

मुंगेर हिंसा के बाद लोगों ने एसडीओ के गोपनीय शाखा कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण बन गया। बता दें कि सोमवार को मुंगेर में प्रसिद्ध बड़ी दुर्गा महारानी की मूर्ति विसर्जन के दौरान गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। घटना में 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है।

यह भी पढ़ें -   कोसी रेल महासेतू - 17 साल का इंतजार हुआ खत्म, चुनावी माहौल में मिला तोहफा

मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद विरोध में गुरुवार को शहर के सभी बाजार बंद रहे। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने सुबह से ही बाजार में दुकानों को बंद रखने की अपील की थी। अपील का अच्छा असर देखा गया। शहर में एक भी दुकान नहीं खुली। जिसके बाद चुनाव आयोग ने बड़ा निर्णय लेते हुए तत्काल प्रभाव से मुंगेर के डीएम और एसपी लिपि सिंह हटाने का आदेश दिया।