पटना। बिहार के पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट और मधुबनी की बिस्फी सीट से चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रही द प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी दोनों ही सीटों पर पीछे चल रही हैं। मधुबनी की बिस्फी सीट पर उनके खिलाफ आरजेडी से फैयाज अहमद और बीजेपी से हरिभूषण ठाकुर उम्मीदवार हैं। बिस्फी सीट पर राजद का कब्जा लगातार दो बार रहा है। लेकिन 2020 के चुनाव में पुष्पम प्रिया के चुनावी मैदान में उतरने के बाद यह सीट हाईप्रोफाइल हो गई है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के इस बार के चुनाव में दो युवा उम्मीदवार मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। एक तरफ द प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने खुद को सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। दूसरी तरफ राजद के नेतृत्व में महागठबंधन के नेता के तौर पर तेजस्वी यादव मैदान में हैं। रुझानों में खुद को पीछे पाकर पुष्पम प्रिया ने ट्वीट कर कहा कि बिहार में ईवीएम हैक हो चुकी है और बीजेपी ने उनके वोट को अपने पक्ष में कर लिया है।
EVM HACKED IN BIHAR!
— Pushpam Priya Choudhary (@pushpampc13) November 10, 2020
पटना के बांकी विधानसभा सीट से शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा मैदान में हैं। इसी सीट पर बीजेपी से तीन बार विधायक रह चुके नितिन नवीन भी हैं। बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन आगे चल रहे हैं। पुष्पम प्रिया इस सीट पर तीसरे नंबर पर हैं।
कौन है पुष्पम प्रिया
बिहार के दरभंगा की रहने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है। पुष्पम प्रिया के पिता हालांकि जदयू के नेता थे लेकिन उन्होंने अपनी खुद की पार्टी बनाकर मैदान में उतरी हैं।